नोएडा में 10 साल की बच्ची के साथ रेप, मां को फोन कर बोली- अंकल घर पर आए और…
नोएडा के सेक्टर-52 में 46 वर्षीय अधेड़ ने घर में घुसकर पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय परिजन घर में नहीं थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नोएडा के सेक्टर-52 में 46 वर्षीय अधेड़ ने घर में घुसकर पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय परिजन घर में नहीं थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर 52 में दंपति अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ दो मंजिला घर में रहते हैं। करीब डेढ़ साल पहले दंपति ने यहां किराये के मकान में रहना शुरू किया था। बच्ची के पिता बीमा सेक्टर में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां शोरूम के कार्यालय में नौकरी करती हैं।
रविवार दोपहर को बच्ची के पिता हरियाणा के नरवाना में किसी काम से गए थे, जबकि मां शोरूम गई थी। छात्रा घर पर अकेली थी। पांच बजे के करीब बच्ची ने अपनी मां के पास कॉल की और कहा कि जब वह कमरे में सो रही थी, तभी पहली मंजिल पर रहने वाले अंकल नीचे आए और गंदी हरकत करनी शुरू कर दी। इसके बाद अंकल अपने फ्लैट में चले गए और गेट बंद कर लिया। बेटी से साथ दरिंदगी की बात सुनते ही मां तुरंत घर पहुंची। उन्होंने देखा कि बच्ची लगभग बेहोशी की हालत में है। उन्होंने पति को इसकी सूचना दी। दावा है कि बच्ची के मुंह से बदबू आ रही थी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को 112 पर कॉल कर दी। पति जब हरियाणा से घर पहुंचा तो दंपति शिकायत करने थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी प्रदीप जिंदल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को जेल भेजा गया : पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बच्ची के पिता ने आरोपी पर दुष्कर्म करने की धारा में केस दर्ज कराया था। बच्ची की उम्र महज दस साल है, ऐसे में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट के तहत भी केस दर्ज हुआ। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। वह भागने की फिराक में था। आरोपी की पत्नी एक निजी कंपनी में नौकरी करती है, जबकि वह बीते कुछ दिनों से बेरोजगार है।
किसी भी अनजान को देखकर सहम रही बच्ची
परिजनों का कहना है कि बच्ची घटना के बाद किसी भी अनजान व्यक्ति को देखकर सहम जाती है और रोने लगती है। दो दिनों से वह गुमसुम है। पुलिस ने बच्ची और आरोपी दोनों का मेडिकल कराया था। रिपोर्ट जल्द ही मिलने की बात कही जा रही है। बच्ची के साथ हैवानियत होने की घटना के बाद से परिजन परेशान हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहली मंजिल पर किराये का कमरा लेकर पत्नी के साथ रहता है। बच्ची के परिजनों से कभी-कभी आरोपी की बात भी हो जाती थी। परिजन को उम्मीद नहीं थी कि उनकी बच्ची जिसे अंकल बोलती है, वह उसके साथ ऐसा करेगा।